altश्रीनगर: जम्मू एवं कश्मीर में बुधवार की देर रात हुए दो हिमस्खलनों में सेना के 11 जवान मारे गए जबकि आठ लापता हैं. एक सैन्य अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी.

बांदीपोरा जिले में हुए हिमस्खलन में आठ जवान मारे गए जबकि गांडरबल जिले में भी हिमस्खलन में तीन जवानों की मौत हो गई। ये दोनों ही जिले उत्तरी कश्मीर में हैं.

श्रीनगर में 15 कोर्प के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल जेएस बरार ने बताया,"बांदीपोरा के गुरेज उप प्रखंड के दावार गांव में हुए हिमस्खलन में सेना के आठ जवान मारे गए हैं और आठ अब भी लापता हैं जबकि 13 को बचा लिया गया है."

उन्होंने कहा,"हिमस्खलन में दबे आठ जवानों को निकालने के लिए बचाव कार्य अब भी जारी है." गुरेज यहां से 109 किलोमीटर की दूरी पर है.

उन्होंने कहा,"गांडरबल के सोनमार्ग रिसॉर्ट में बुधवार रात हुए हिमस्खलन में सेना के एक शिविर के चपेट में आ जाने से एक जूनियर कमीशन अधिकारी सहित तीन जवान मारे गए." गांडरबल श्रीनगर से 87 किलोमीटर की दूरी पर है.

एक तीसरे हिमस्खलन में गांडरबल के रामवाड़ी इलाके में सेना की दर्जनों झोपड़ियां तबाह हो गईं लेकिन किसी के मारे जाने की खबर नहीं है.


article comments powered by Disqus