नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र सभी राजनीतिक पार्टियों ने कमर कस ली है और राज्य में चुनावों को लेकर तैयारी भी पूरे जोरों पर हैं, लेकिन इस बीच स्टार न्यूज़ और नीलसन के ओपिनियन पोल के जो आंकड़े आए हैं उसके मुताबिक मुख्यमंत्री की दौड़ में मायावती को मुलायम की तरफ से बराबर की टक्कर है.

ओपिनियन पोल के मुताबिक प्रदेश की जनता के बीच मुख्यमंत्री मायावती का जलवा कम हो गया और यह वजह है कि मुख्यमंत्री पद के दौर में वह मुलायम सिंह के साथ खड़ी दिख रही हैं, हालांकि इससे पहले ओपिनियन पोल में वह अपने धुर विरोधियों से काफी आगे दिख रही थीं.

स्टार न्यूज़-नीलसन के सर्वे के मुताबिक़ मुख्यमंत्री की रेस में मायावती और एसपी अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव को 31 फीसदी जनता पसंद करती है. वहीं कांग्रेस के अच्छे प्रदर्शन की संभावना के बवाजूद मुख्यमंत्री की रेस में बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह, कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी से आगे हैं. जहां 16 फीसदी जनता के लिए राजनाथ उनकी पहली पसंद हैं वहीं राहुल गांधी के हक में 14 फीसदी जनता हैं.

मुख्यमंत्री की रेस में कई और दूसरे नेताओं के नाम हैं, जिनमें कांग्रेस के प्रमोद तिवारी, आरएलडी के अजित सिंह, एसपी के अखिलेश यादव, बीजेपी के मुरली मनोहर जोशी, उमा भारती, वरुण गांधी और कांग्रेस की रीता बहुगुणा जोशी प्रमुख हैं. इन सभी के पाले में एक-एक फीसदी जनता का समर्थन है.

ग़ौरतलब है कि राज्य में चुनावी सरगर्मियों के बीच चार से 20 जनवरी के बीच स्टार न्यूज़-नीलसन ने ताज़ा राजनीतिक स्थिति पर राज्य के 202 विधानसभा क्षेत्रों में 35,973 लोगों से उनकी राय ली.

Tags:

    article comments powered by Disqus