बांदा: उत्तर प्रदेश में चुनाव के बीच मतदाता जागरण अभियान में जुटे योग गुरु बाबा रामदेव का कहना है कि जनता के पास विकल्प नहीं है, लेकिन जो पार्टियां कम दाग़दार हैं उन्हें वोट करना चाहिए.

बाबा रामदेव ने प्रियंका गांधी के जरिए चुनाव प्रचार के दौरान अपने बच्चों को उतारने की भी जमकर आलोचना की और इसे नुमाइश करार दिया.

उन्होंने कांग्रेस और प्रियंका गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा,"गांधी परिवार जो कर रहा है वह अपने बच्चों के लिए है. जैसे मंडी में किसी चीज़ की नुमाइश लगाई जाती है वैसे ही बच्चों की नुमाइश लगाई जा रही है. कांग्रेस ने बेशर्मी की हदें पार कर दी हैं."

रामदेव ने स्टार न्यूज़ से विशेष बातचीत में कहा कि वह राष्ट्र के लिए मतदाता जागरण में लगे हुए हैं और लोगों को बता रहे हैं कि 400 लाख करोड़ काला धन देश के अंदर और बाहर जमा है.

उन्होंने आगे कहा, "अगर यह काला धन भारत आ जाए तो एक जिले को 50 हज़ार करोड़, एक गांव को सौ करोड़ और एक परिवार को 20-25 लाख रुपए मिल जाएंगे और अगर ऐसा हुआ तो देश से गरीबी मिट जाएगी. देश की तस्वीर और तकदीर बदल सकती है."

विकास के लिए भ्रष्टाचार मुक्त सरकार की ज़रूरत पर ज़ोर देते हुए रामदेव ने कहा कि वह लोगों को आगह कर रहे हैं कि देश की हक़ीक़त क्या है और जनता को क्या करने की जरूरत है.

'विकल्प नहीं है'

"रामलीला मामले में कांग्रेस ने हलफ़नामा दाखिल करके कहा कि रामलीला मैदान के चारों ओर राष्ट्र विरोधी लोग रहते हैं, सांप्रदायिक लोग रहते हैं, यानी कांग्रेस मुसलमान को देश द्रोही मानती हैं." बाबा रामदेव

जब रामदेव से पूछा गया कि कांग्रेस आरोप लगा रही हैं वह बीजेपी के लिए प्रचार कर रहे हैं उन्होंने कहा, "देश के सामने पूर्ण विकल्प तो है नहीं लेकिन जो कम दाग़दार हो उसे चुना जाए, यही हमारी यही कोशिश है. हम लोग बताने यह बताने में लगे हैं कि कैसे वोट की ताकत से लोकतंत्र की खोट को समाप्त किया जा सकता है."

बाबा रामदेव ने आगे कहा, "मैं जो कर रहा हूं कि वह भारत के 121 करोड़ जनता के लिए कर रहा हूं. किसी पार्टी या संस्था के लिए नहीं कर रहा हूं."

बक़ौल बाबा रामदेव कांग्रेस ने सारा हिंदुस्तान लूटा है और अब यूपी को लूटने की कोशिश में है और वह जनता को यह बताने में लगे हैं कि कांग्रेस काला धन वापस लाने के लिए कुछ नहीं कर रही हैं और उनके विकास के लिए भी गंभीर नहीं है.

बाबा रामदेव का कहना है कि देश का हर जाति और समाज पिछड़ा हुआ है और इसके उत्थान की जरूरत है, लेकिन पिछले 64 साल में सबसे अधिक समय तक सत्ता में रही कांग्रेस ने कुछ नहीं किया.

योग गुरु का कहना है कि किसी भी देश के लिए कुछ करने की जरूरत है वह हिंदुस्तान को बचाने के लिए आगे आए हैं.

'कांग्रेस किसी की नहीं'

सलमान ख़ुर्शीद के मसले पर भी बाबा रामदेव ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी और उनके बटला हाउस एनकाउंटर और कोटे के भीतर कोटा की आलोचना की.

उन्होंने कहा, "देश का कानून मंत्री ही देश के कानून को नहीं मान रहा है. यह चोरी और फिर सिनाजोरी है."

जब बाबा रामदेव से पूछा गया कि ख़ुर्शीद कह रहे हैं कि बटला हाउस मसले में सोनिया की आंखों से आंसू फूट पड़े तो उन्होंने कहा, "इस देश में आतंकवादियों के कारण एक लाख लोग मारे गए, तब सोनिया की आंखों में आंसू नहीं आए, 10 लाख किसानों ने आत्महत्याएँ कीं और 84 करोड़ लोग गरीबी में जी रहें, तब उनकी आंखों से आंसू नहीं आए. रामलीला में जब पुलिस ने आतंक मचाया तो इनकी आंखों से आँसू नहीं फूटे."

बाबा रामदेव ने कांग्रेस की हक़ीक़त बयान करते हुए, "रामलीला मामले में कांग्रेस ने हलफ़नामा दाखिल करके कहा कि रामलीला मैदान के चारों ओर राष्ट्र विरोधी लोग रहते हैं, सांप्रदायिक लोग रहते हैं, यानी कांग्रेस मुसलमान को देश द्रोही मानती हैं."

सच तो यह है कि कांग्रेस का देश निकाला होना चाहिए, लेकिन यहां लोकतंत्र है इसलिए जनता जो करेगी उसका हमें इंतज़ार है.

संबंधित खबरें:

रामदेव की बीजेपी को वोट देने की अपील

लाठीचार्ज के लिए सोनिया जिम्‍मेदार:रामदेव

'चिदंबरम को पद पर बने रहने का हक नहीं'

बाबा रामदेव अपराधी हैं: दिग्विजय

Tags:

    article comments powered by Disqus