मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता और पटौदी के नवाब सैफ अली खान को एनआरआई इकबाल मीर शर्मा से मारपीट करने के मामले में गिरफ्तार करने के साथ ही जमानत दे दी गई.

कोलाबा थाने ने सैफ को महज़ तीन हज़ार के मुचलके पर जमानत दी गई.

कोलाबा थाने की पुलिस ने बुधवार शाम नरीमन प्वाइंट से सैफ को हिरासत में लिया और फिर थाने लेकर आई थी. जहां करीब एक घंटे तक चली कागज़ी कार्रवाई के बाद सैफ को जमानत दे दी गई.

सैफ को कोलाबा पुलिस स्टेशन के अंदर पीछे के रास्ते से लाया गया, क्योंकि वहां मीडिया का भारी जमावड़ा था.

कोलाबा थाने में ही सैफ के खिलाफ एक एनआरआई इक़बाल मीर शर्मा ने केस दर्ज कराया था जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि सैफ ने उनकी पिटाई की थी.

सैफ का दावा

जमानत पर रिहा होने के साथ ही सैफ अली खान ने अपना बचाव करते हुए कहा है कि उन्होंने मारपीट नहीं की है, बल्कि उनके साथ मारपीट की गई.

अभिनेता ने अपने बयान में कहा, "मैंने जो किया, वह अपने बचाव में किया. मैंने टीवी पर उन लोगों को इंटरव्यू देते हुए देखा है. यहां ये लोग मासूम दिख रहे हैं, लेकिन समझ में नहीं आ रही है यह वही लोग हैं जो कल रात में इस कदर आक्रोश में थे."

सैफ ने कहा कि उन्होंने भी इस मामले में अपनी ओर से शिकायत दर्ज की है और होटेल के सीसीटीवी फूटेज से सच सामने आ जाएगा और उन्हें इंसाफ मिलेगा.

सैफ के इन आरोपों के बाद इकबाल शर्मा ने स्टार न्यूज़ से कहा कि सैफ झूट बोल रहे हैं और उन्होंने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि उनके ससुर को भी धक्का दिया, जो बुज़ुर्ग हैं.

इकबाल का दावा

इससे पहले सैफ अली खान के खिलाफ केस दर्ज कराने वाले इक़बाल मीर शर्मा का कहना है कि अभिनेता सैफ ने उन्हें गालियां दीं और साथ ही उनके साथ मारपीट भी की.

स्टार न्यूज़ से खास बातचीत में इक़बाल मीर शर्मा ने कहा कि सैफ के मारने के कारण उनकी नाक टूट गई और कान पर भी चोटें भी आई हैं.

इक़बाल ने साफ किया कि वह इस मामले में समझौता नहीं करेंगे और हर हाल में कानूनी लडा़ई लड़ने को तैयार हैं.

उन्होंने कहा,"अगर सैफ माफी भी मांगते हैं तो वह माफ नहीं करेंगे. माफी मांगने का वक़्त खत्म हो गया है."

ग़ौरतलब है कि सैफ अली खान पर आरोप है उन्होंने मंगलवार की रात मुंबई के ताज होटल के एक रेस्टोरेंट में एनआरआई इकबाल मीर शर्मा और उनके परिवार के साथ मारपीट की. इकबाल दक्षिण अफ्रीका व्यापार प्रचार बोर्ड के डिप्टी डीजी हैं.

अपनी दर्द भरी कहानी बयान करते हुए इकबाल ने कहा कि सैफ का समूह काफी शोर मचा रहा था और उनके मना करने पर सैफ ने उनके साथ मारपीट की.

उन्होंने घटना को बयान करते हुए कहा, " सैफ के साथ कई लोग थे और वे काफी शोर मचा रहे थे. मैंने वेटर के जरिए उन्हें शांत रहने की अपील की. इसके बाद सैफ मेरी टेबल पर आए और मुझसे धक्का-मुक्की पर उतारू हो गए. मेरे ससुर मेरे आगे बैठे थे और उन्होंने मामले को शांत करने की कोशिश की तो सैफ ने उन्हें भी धक्का दे दिया. सैफ के अलावा उनकी ओर से तीन और लोग भी इस मारपीट में शामिल थे. उनके साथ आईं महिलाएं इस झगडे़ में शामिल तो नहीं हुई, लेकिन किसी ने छुड़ाने की भी कोशिश नहीं की."

इकबाल के मुताबिक मंगलवार रात करीब 12:30 बजे सैफ कोलाबा के ताज होटेल के वसाबी रेस्‍टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे. सैफ के साथ उनकी गर्लफ्रेंड करीना कपूर, करिश्‍मा कपूर और अमृता अरोड़ा की थीं.

जब सैफ की गर्लफ़्रेंड और इस मामले की एक गवाह करीना कपूर, जो बुधवार सुबह से ही मधुर भंडारकर की फिल्म की शूटिंग में मशगूल थी, जैसे ही खबर मिली कि सैफ के खिलाफ केस दर्ज किया गया है वह शूटिंग को बीच में ही छोड़ कर सैफ से मिलने के लिए दौड़ पड़ीं.

मामला

मुंबई के ताज होटेल के रेस्‍टोरेंट में खाना खाने के दौरान वहां बैठे एक एनआरआई व्‍यापारी इकबाल शर्मा ने सैफ को शोर कम करने के लिए कहा. इस बात पर सैफ तमतमा गए और उन्‍होंने हाथापाई शुरू कर दी.

यहीं नहीं सैफ ने इकबाल की नाक की हड्डी भी तोड़ दी. घटना के बाद पीड़‍ित शख्‍स ने सैफ के खिलाफ कोलाबा थाने में शिकायत दर्ज कराई.

सैफ के खिलाफ धारा 325 के तहत मामला दर्ज किया गया है. इस मामले में अधिकतम सजा सात साल है, लेकिन इस धारा के तहत आरोपी को जमानत दी जा सकती है. खास बात यह है कि दोनों पक्ष चाहें तो इस मामले में सुलह भी कर सकते हैं.

गौरतलब है कि 2008 में भी पटियाला में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान फोटोग्राफर के साथ मारपीट करने के आरोप में सैफ के खिलाफ केस दर्ज किया गया था.

सैफ के माफी मांगने के बाद इस मामले को खत्म कर दिया गया था. इससे पहले सैफ राजस्‍थान में काले हिरण शिकार में मामले में विवादों में रहे थे.


article comments powered by Disqus