मुंबई/ब्रिस्बेन: टीम इंडिया में कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और उपकप्तान वीरेंद्र सहवाग के बीच दरार की खबरों को बीसीसीआई ने निराधार बताया है.
बीसीसीआई अध्यक्ष के मुताबिक टीम एक यूनिट की तरह खेल रही है और मीडिया बेवजह बढ़ा चढाकर बता रहा है.
बीसीसीआई अध्यक्ष एन श्रीनिवासन ने साफ किया कि टीम में किसी तरह का कोई मतभेद नहीं है.
जबकि, बीसीसीआई के सदस्य और आईपीएल के चेयरमैन राजीव शुक्ल के मुताबिक सहवाग की बातों को गलत तरीके से पेश किया गया है.
ऑस्ट्रेलिया में चल रही सीबी सीरीज के दौरान महेंद्र सिंह धोनी ने सीनियर खिलाड़ियों को लेकर कहा था कि वो फील्डिंग के दौरान सुस्त दिखाई देते हैं, जबकि श्रीलंका के खिलाफ ब्रिसबेन मैच के बाद वीरेंद्र सहवाग से धोनी के इसी बयान पर सवाल पूछा गया तो, उन्होंने कहा कि क्या आपने मेरा कैच आज देखा क्या?
सहवाग का कहना था कि सीनियर खिलाड़ी के मैदान पर सुस्त होने के बाद कभी टीम में कोई मुद्दा नहीं रहा.







